देहरादून में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 8 से 10 अक्टूबर तक विशेष अभियान, 12 अक्टूबर से घर-घर सत्यापन

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची में नाम जुड़ने से वंचित पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित पात्र भारतीय नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक बूथ स्तर पर तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और नियमानुसार पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई करेंगे।

पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित की जाए, ताकि अभियान की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सारणी की जानकारी साझा की जा सके।

उन्होंने बीएलओ को भी उनके दायित्वों, आवेदन प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में स्पष्ट निर्देश देने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।

फॉर्म-6 की जांच और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों और फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बूथ स्तर पर अभियान की प्रगति से लेकर घर-घर सत्यापन तक प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवार और बूथवार प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने और प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बैठक में किया प्रतिभाग

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली, कांग्रेस से जसविन्दर सिंह गोगी, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, आम आदमी पार्टी से कमल राणा और कांग्रेस के सुनील जायसवाल उपस्थित रहे।

इसके अलावा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा निर्वाचन नामावली को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने के लिए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *