देहरादून। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन और विचारों का भावपूर्ण स्मरण किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन-दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उत्थान को विकास का आधार माना। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्त्योदय का उनका विचार समाज के समग्र एवं समावेशी विकास के लिए सदैव मार्गदर्शक बना रहेगा।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार इसी भावना के साथ जनकल्याण और समावेशी विकास को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
