देहरादून में मनाया गया आयुर्वेद दिवस 2026, मंत्री मदन कौशिक बोले- आयुर्वेद को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे

 

देहरादून। निदेशालय, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएँ, उत्तराखंड में आज “आयुर्वेद दिवस 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम “आयुर्वेद अपनाएं, स्वस्थ निरोगी जीवन पायें” के ध्येय वाक्य के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे दीप प्रज्वलन और अतिथि सत्कार के साथ हुआ। निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सचिव, आयुष एवं आयुष शिक्षा श्रीमती रंजना राजगुरु ने विशेष रूप से आयुर्वेद जीवनशैली (आयुष लाइफस्टाइल) को बढ़ावा देने पर जोर दिया और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसके महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। डॉ. अनुप गक्खड़ ने “जीवनशैली जनित विकारों में आयुर्वेद”, डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने “रिसर्च एंड इनोवेशन इन आयुर्वेद”, वैद्य हर्ष सहगल ने “प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी इन आयुर्वेद”, डॉ. जे.एन. नौटियाल ने “पंचकर्म का महत्व” और डॉ. राजीव कुरेले ने “धन्वंतरी पूजन” विषय पर अपने विचार रखे।

मंत्री मदन कौशिक ने किया संबोधित

दोपहर 3:30 बजे मुख्य अतिथि, आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश का वातावरण आयुर्वेद के विकास के लिए पूरी तरह अनुकूल है। सरकार आयुर्वेद को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है।

मंत्री ने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए निजी क्षेत्र में “आयुर्वेद शिक्षा बोर्ड” की स्थापना और एकीकृत पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। भारत सरकार हर स्तर पर आयुर्वेद को प्रोत्साहित कर रही है।

कार्यक्रम का समापन राज्य औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *