देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के संबंध में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई।
बैठक में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर समिति के सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया। जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हीकरण से जुड़े सभी मामलों का परीक्षण निर्धारित मानकों और शासन द्वारा तय प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों में उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों का विधिवत परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्णय उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर किया जाए।

लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
बैठक में समिति के सदस्यों ने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव एवं विचार रखे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समिति के समक्ष प्रस्तुत प्रकरणों में आवश्यक अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने और मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी और समिति सदस्य रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा राज्य आंदोलनकारी एवं समिति सदस्य ओपी उनियाल, देवी गोदियाल, डीएस गुंसाई, विवेकानंद खंडूड़ी, सरोज डिमरी, उर्मिला, निर्मला बिष्ट, पुष्पलता सिलमाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
