बदरीनाथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आस्था पथ सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और धाम की धार्मिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हो रहा विकास
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके पौराणिक महत्व के अनुसार भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मास्टर प्लान से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में धाम की पारंपरिक पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य का संरक्षण जरूरी है।

बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में भी हुए शामिल
इसके बाद मुख्यमंत्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान द्वारा आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में शामिल हुए। महोत्सव में देशभर से 150 से अधिक संत और 1200 से अधिक श्रद्धालु आए हैं।
इस अवसर पर सीएम ने कहा कि बदरीनाथ धाम आना एक आध्यात्मिक अनुभूति है। यह धाम भारत की सनातन चेतना का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की प्राचीन विरासत और आस्था के केंद्रों को संरक्षित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में महंत स्वामी देवप्रसाददास जी, सद्गुरु धर्मवल्लभदास जी सहित बड़ी संख्या में संत मौजूद रहे। इस दौरान राज्य मंत्री हरक सिंह, जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
