नई टिहरी का बदलेगा स्वरूप, फसाड के तहत बाजार और भवनों का होगा सौंदर्यीकरण

नई टिहरी। नई टिहरी शहर के भवनों और बाजार क्षेत्रों के बाहरी स्वरूप को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए फसाड सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फसाड सौंदर्यीकरण के तहत शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर स्थित भवनों के बाहरी हिस्सों को एक समान एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों में माल रोड का सौंदर्यीकरण, दुकानों के पथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, दो शौचालयों का निर्माण, भवनों के फ्रंट की पेंटिंग, एक समान कलर थीम, आकर्षक डिजाइन, एक समान रेलिंग, साइन बोर्ड और लाइटिंग सहित अन्य सजावटी कार्य शामिल हैं।

पहाड़ी संस्कृति और पुरानी टिहरी की झलक दिखेगी

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि सौंदर्यीकरण की थीम में नई टिहरी के पहाड़ी परिवेश और स्थानीय संस्कृति को प्रमुखता दी जाए। इसके साथ ही पुरानी टिहरी की यादों को दर्शाने वाली वॉल पेंटिंग को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर को उसकी विशिष्ट पहचान के अनुरूप आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य केवल बाहरी रूप से आकर्षक बनाने तक सीमित न रहे, बल्कि नई टिहरी की भौगोलिक, पहाड़ी और सांस्कृतिक पहचान भी इसमें दिखाई देनी चाहिए।

विद्युत तारों को भूमिगत करने पर जोर

जिलाधिकारी ने शहर में फैले विद्युत तारों एवं विद्युत पोल को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत तारों को भूमिगत करने के संबंध में यूपीसीएल से पत्राचार करने को कहा, ताकि सौंदर्यीकरण के साथ शहर का विद्युत ढांचा भी व्यवस्थित किया जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंदर्यीकरण कार्यों वाले क्षेत्रों का साइट विजिट कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकांश कार्यों को दिसंबर माह तक पूरा करने को कहा।

अतिक्रमण मिलने पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फसाड सौंदर्यीकरण के दौरान यदि किसी क्षेत्र में अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित उप जिलाधिकारी और नगर पालिका के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के दौरान शहर की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय परिवेश के अनुरूप कार्य किया जाए।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष टिहरी भगवान सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *