धर्म-संस्कृति की रक्षा में अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका: कोठारी महंत नितिन दास महाराज का कनखल में भव्य स्वागत

पूर्व भाजपा पार्षद पंडित नितिन माना के संत परंपरा में नितिन दास महाराज के रूप में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के कोठारी महंत बनने पर कनखल में भाजपा नेताओं और व्यापार मंडल ने किया भव्य स्वागत।
हरिद्वार। धर्म, संस्कृति की रक्षा में अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संत परंपरा में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के कोठारी की नई जिम्मेदारी संभालने पर कोठारी महंत नितिन दास महाराज का राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने भव्य स्वागत किया।
राजनीति और सामाजिक जीवन में सक्रिय रहे पूर्व भाजपा पार्षद पण्डित नितिन माना के संत परंपरा में प्रवेश करने के उपरान्त नितिन दास महाराज के रूप में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के कोठारी महंत बनने पर धर्मनगरी में खुशी का माहौल है।

भाजपा नेताओं, पार्षदों और व्यापारियों ने किया अभिनंदन

नई जिम्मेदारी संभालने पर भाजपा नेताओं, पार्षदों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कनखल स्थित श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन में पहुंचकर उनका भव्य स्वागत कर अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें फूलमालाएं, अंगवस्त्र पहनाकर व मिष्ठान वितरण कर शुभकामनाएं दी गईं और संत परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।

वरिष्ठ नेताओं ने क्या कहा?

वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि नितिन दास महाराज का समूचा जीवन समाजसेवा व धार्मिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। अब संत परंपरा में उन्हें नया उदासीन अखाड़ा में कोठारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। युवा संत के रूप में नितिन दास महाराज इस जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
कोठारी महंत नितिन दास महाराज ने स्वागत के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि संत परंपरा में मिली जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी सेवा का अवसर है। अखाड़े की परंपराओं, संतों के मार्गदर्शन और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए वह पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। समाज में सेवा, संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
पार्षद सुनील अग्रवाल गुड्डू और भूपेंद्र कुमार ने कहा कि नितिन दास महाराज के कोठारी महंत बनने से क्षेत्रवासियों में उत्साह है। सामाजिक जीवन में सक्रिय रहने के बाद अब संत परंपरा में मिली जिम्मेदारी उनके व्यक्तित्व को नई दिशा देगी।
भाजपा जिला मंत्री विनित जौली और प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की पहचान संत परंपरा और सेवा की संस्कृति से है।
इस अवसर पर पार्षद प्रशांत सैनी, मुकुल पाराशर, सचिन अग्रवाल, गोपी सैनी, रूपेश शर्मा, राघव ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *