नेपाल त्रासदी पर बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्ति ने छुआ दिल, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना जरूरी: सचिन जैन
देहरादून। मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर से तिलक रोड, खुड़बुड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं कन्या माध्यमिक विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट चित्रों के लिए पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष सचिन जैन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने जिस तरह अपनी कल्पनाशीलता और संवेदनशीलता को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया, वह बेहद सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से नेपाल त्रासदी को केंद्र में रखकर विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में उनकी संवेदनशीलता, कल्पनाशीलता और सामाजिक सरोकार स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। बच्चों ने रंगों के माध्यम से त्रासदी की जो मार्मिक तस्वीर प्रस्तुत की, वह भावुक करने वाली रही।
सचिन जैन ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उसे निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। साथ ही, इनके जरिए बच्चों में सामाजिक एवं मानवीय विषयों के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित होती है।
कार्यक्रम का संचालन संगठन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती मधु जैन ने किया। इस अवसर पर प्रदीप नागलिया, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएं, विद्यालय स्टाफ, संगठन के अन्य पदाधिकारी तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।
