यूजेवीएन लिमिटेड के ढकरानी प्रशिक्षण केन्द्र में IMS पर प्रशिक्षण आयोजित। MD अजय कुमार सिंह ने कहा- गुणवत्ता, पर्यावरण और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता।
देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के ढकरानी स्थित प्रशिक्षण केन्द्र में आज अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एकीकृत प्रबंधन प्रणाली (Integrated Management System – IMS) पर जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में ISO 9001:2015 (गुणवत्ता प्रबंधन), ISO 14001:2015 (पर्यावरण प्रबंधन) एवं ISO 45001:2018 (व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा) मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण का संचालन क्वालिटी ग्रोथ सर्विसेज, नई दिल्ली के विशेषज्ञ जोगिन्दर सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि IMS के माध्यम से गुणवत्ता, पर्यावरण तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को एक साथ बेहतर तरीके से प्रबंधित किया जा सकता है।
इस अवसर पर यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान में यूजेवीएन लिमिटेड के अंतर्गत परिचालित परियोजनाओं के साथ ही राष्ट्रीय महत्व की कई निर्माणाधीन एवं विकासाधीन परियोजनाओं पर तीव्र गति से कार्य चल रहा है। निगम द्वारा परियोजनाओं के परिचालन एवं निर्माण में गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण तथा कर्मचारियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जाती है।

उन्होंने कहा कि एकीकृत प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने से कार्यप्रणाली में सुधार, जोखिमों की पहचान और उनका बेहतर प्रबंधन तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसी उद्देश्य से सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु यह प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को Plan-Do-Check-Act (योजना-कार्य-जांच-सुधार) की अवधारणा समझाई गई। साथ ही निरंतर सुधार, मानक परिचालन प्रणाली (SOP) का पालन, दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग, कचरा प्रबंधन तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (PPE) के उचित उपयोग पर भी जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण में उपमहाप्रबंधक अरुण कुमार सिंह तथा अधिशासी अभियंताओं उमाकांत पांडे, अमित रंजन, नीतिन तिवारी, अजय कुमार, केदार सिंह राणा, हरेन्द्र कुमार तथा जितेन्द्र तायल सहित बड़ी संख्या में सहायक अभियंताओं एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
