ऊखीमठ। सरस्वती नदी के पावन तट पर विराजमान भगवती कालीमाई की द्वितीय चरण की दिवारा यात्रा इन दिनों गांव-गांव भ्रमण कर श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वाद दे रही है। वैरागना गांव में प्रवास के बाद मां की दिवारा यात्रा ने जब अगले पड़ाव के लिए विदाई ली तो माहौल भावुक हो उठा। ग्रामीणों की आंखें नम थीं और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
दिव्य डोले की विदाई के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने मंगलगीत गाए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने मां कालीमाई को भावभीनी विदाई दी। लोगों ने मां के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की। इस दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां की पूजा-अर्चना भी की।
वैरागना से विदाई के बाद भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए खड़िया गांव पहुंची। गांव की सीमा में दिव्य डोले के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर मां का भव्य स्वागत किया। घरों की चौखटों से लेकर गांव की पगडंडियों तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया।

मां के जयघोष से पूरा खड़िया गांव गुंजायमान रहा। दिवारा यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर धार्मिक आस्था के साथ पहाड़ की समृद्ध लोक परंपराओं और संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है। ग्रामीण अपने आराध्य देवी-देवताओं के प्रति अगाध श्रद्धा व्यक्त करते हुए मां की अगवानी और विदाई कर रहे हैं। यह यात्रा विभिन्न गांवों को धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से एक सूत्र में पिरोने का भी काम कर रही है।
दिवारा यात्रा समिति के अध्यक्ष लखपत राणा ने बताया कि यात्रा का आगामी पड़ाव बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। आने वाले दिनों में भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा केदारनाथ धाम पहुंचेगी, जहां करीब 15 वर्षों बाद मां कालीमाई और बाबा केदार का ऐतिहासिक मिलन होगा। इस दुर्लभ धार्मिक क्षण को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
उन्होंने बताया कि मां कालीमाई और बाबा केदार के पावन मिलन को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। लंबे अंतराल के बाद होने वाले इस मिलन के साक्षी बनने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। यात्रा के केदारनाथ धाम पहुंचने पर हजारों श्रद्धालुओं के इस ऐतिहासिक धार्मिक क्षण का साक्षी बनने की संभावना है।
