पौड़ी। पौड़ी इंडोर स्टेडियम में द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन, खेल विभाग एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 200 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए जिलाधिकारी द्वारा उच्च गुणवत्ता वाली छह टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी खिलाड़ियों के साथ टेबल टेनिस खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें पहचानकर बेहतर मंच और अवसर देने की है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर प्रदान करती हैं।

जिलाधिकारी ने अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बचपन से प्रोत्साहित करना सराहनीय है। उन्होंने कहा, “खेल में कोई हारता नहीं है, कोई सीखता है और कोई जीतता है।” खेल से मिली सीख और अनुभव ही खिलाड़ी को आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि पौड़ी में खेलों के लिए अच्छा वातावरण है और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल रहा है। उन्होंने खेल विभाग एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई देते हुए जिले में खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही।
प्रतियोगिता 6 से 9 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें अंडर-11, अंडर-13, अंडर-17, अंडर-19 एवं ओपन वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन ओपन एवं अंडर-19 वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए।
उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने कहा कि पहाड़ी जिलों में टेबल टेनिस को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। देहरादून के बाहर पहली बार पौड़ी में टीम स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता एवं स्टेट चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य पहाड़ी जिलों में भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित कर स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर दिया जाएगा।
