प्रतापनगर में जन्माष्टमी की धूम, नागराजा मंदिर आबकी में रातभर गूंजे भक्ति गीत

नई टिहरी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रतापनगर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में आस्था और उल्लास का माहौल रहा। नागराजा मंदिर सेम मुखेम, मां दिन्याली देवी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर पडिया और पट्टी भदूरा के नागराजा मंदिर आबकी में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया।

मंदिरों में आयोजित रात्रि जागरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात तक चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

नागराजा मंदिर आबकी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पट्टी भदूरा के आबकी नागराजा मंदिर में मूर्ति पूजन एवं स्थापना के अवसर पर विशेष जन्माष्टमी समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

रात्रि जागरण में प्रसिद्ध लोकगायक अनिल दुरियाल और लोकगायिका सीमा पंगरियाल ने धार्मिक एवं भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। दोनों कलाकारों ने देर रात तक अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे।

भजनों की धुन पर महिलाएं, पुरुष और युवा जमकर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर देर रात तक भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।

दिन्याली देवी और राधा-कृष्ण मंदिर में भंडारा

जन्माष्टमी के अवसर पर मां दिन्याली देवी मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर पडिया में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक बिक्रम सिंह नेगी, पूर्व प्रमुख प्रदीप प्रमोला, भाजपा नेता राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली, डॉ. भान सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य रविंद्र डिमरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उदय रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरि प्रसाद डिमरी और भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री चंद्रशेखर पैन्यूली समेत कई जनप्रतिनिधियों ने नागराजा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

धार्मिक आयोजन लोक परंपराओं को रखते हैं जीवंत

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र की लोक परंपराओं और संस्कृति को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामूहिक रूप से आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों से क्षेत्र में आपसी भाईचारा मजबूत होने के साथ सुख-समृद्धि और सकारात्मक वातावरण का संचार होता है।

इस अवसर पर स्वामी सूर्यनारायण गिरि महाराज, स्वामी रामभद्राचार्य महाराज, प्रधान मनीषा नेगी, दयाल सिंह सजवाण, खुशाल सिंह, दीपक रावत, सचिन पोखरियाल, महेश लाल, लक्ष्मी रावत, राजेंद्र रावत, चिंतामणि पैन्यूली, नीलकंठ व्यास, श्रवण व्यास, दिनेश जोशी, राजेश सिंह, रमेश नेगी, मनमोड रावत और सरिता रावत समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *