जॉलीग्रांट एसडीआरएफ मुख्यालय में गूंजा जय श्रीकृष्ण का जयघोष, धूमधाम से मनाया जन्मोत्सव

 

डोईवाला। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव हर्षोल्लास, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान वाहिनी मुख्यालय परिसर भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण से सराबोर रहा।

 

कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर विधिवत जन्मोत्सव मनाया। आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारजनों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं वाहिनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों ने भी विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया।

 

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा।

 

इस अवसर पर सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने बच्चों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

 

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन वाहिनी परिवार में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों एवं जवानों में उत्साह का संचार होने के साथ ही उन्हें अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *