सड़क का पानी गांव की ओर मुड़ा, एक दर्जन से ज्यादा मकानों पर खतरा; बारिश में दुकान क्षतिग्रस्त

प्रतापनगर के कुडियालगांव में बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने PMGSY पर लगाया अनदेखी का आरोप

नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी उपली रमोली में सेरा-कंडियालगांव रैका मोटरमार्ग ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। मोटरमार्ग पर बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क का पूरा पानी ढलान के रास्ते कुडियालगांव की ओर बह रहा है। इससे एक दर्जन से अधिक मकानों पर खतरा मंडरा रहा है।

बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान सड़क से आया तेज बहाव का पानी कुडियालगांव निवासी राजबीर जरधारी पुत्र कमल सिंह जरधारी की आवासीय दुकान में घुस गया। पानी के तेज बहाव से दुकान क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।

बारिश होते ही गांव की ओर बहता है पूरा पानी

ग्रामीण राजबीर जरधारी के मुताबिक मोटरमार्ग के किलोमीटर 11 पर सड़क का ढलान गांव की ओर है। बरसात होते ही सड़क का पानी तेज बहाव के साथ सीधे गांव की तरफ पहुंचता है। उनका कहना है कि हर बरसात में इसी वजह से ग्रामीणों के मकानों पर खतरा बना रहता है।

उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई और भविष्य में यहां बड़ा भूस्खलन हुआ तो कई मकानों को गंभीर नुकसान हो सकता है।

दो बार दिया ज्ञापन, फिर भी नहीं बनी नाली

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को दो बार ज्ञापन दिया जा चुका है। ज्ञापन के माध्यम से मोटरमार्ग पर नाली निर्माण और बरसाती पानी की सुरक्षित निकासी की व्यवस्था करने की मांग की गई थी।

इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की अनदेखी के कारण हर बारिश में उनकी चिंता बढ़ जाती है।

तत्काल नाली निर्माण और मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मोटरमार्ग के किलोमीटर 11 पर तत्काल व्यवस्थित नाली निर्माण कराने और बरसाती पानी की सुरक्षित निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।

इसके साथ ही बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई राजबीर जरधारी की दुकान का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का उचित प्रतिकर दिए जाने की मांग भी उठाई गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग ने समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया तो आने वाली बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *