वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, स्थापित विद्युत क्षमता बढ़कर 1,485.46 मेगावाट हुई
देहरादून। उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार वित्तीय प्रदर्शन करते हुए अपनी स्थापना के बाद अब तक का सबसे अधिक राजस्व और रिकॉर्ड लाभ अर्जित किया है। निगम ने इस वित्तीय वर्ष में 1,834.27 करोड़ रुपये का राजस्व और 704.84 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया है।
यह जानकारी सचिवालय में आयोजित यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक मंडल की 135वीं बैठक में सामने आई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव एवं यूजेवीएन लिमिटेड के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों को निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
स्थापना के बाद सबसे ज्यादा मुनाफा
यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 निगम के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान 1,834.27 करोड़ रुपये का राजस्व और 704.84 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित हुआ, जो निगम की स्थापना के बाद अब तक का सर्वाधिक है।
निगम के इस प्रदर्शन पर निदेशक मंडल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। इसे राज्य के ऊर्जा क्षेत्र के साथ-साथ निगम के कार्मिकों के लिए भी बड़ी उपलब्धि बताया गया।

बढ़ी बिजली उत्पादन क्षमता
वित्तीय वर्ष के दौरान निगम की स्थापित क्षमता में 11 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद यूजेवीएनएल की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,485.46 मेगावाट हो गई है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं से कुल 5,238.73 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया।
ऊर्जा के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती
प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने निगम के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यूजेवीएनएल राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
रिकॉर्ड राजस्व और लाभ को निगम की बेहतर कार्यकुशलता, बढ़े हुए विद्युत उत्पादन और मजबूत कार्यसंस्कृति से जोड़कर देखा जा रहा है।
अब नई परियोजनाओं और उत्पादन बढ़ाने पर फोकस
प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों और मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव ऊर्जा के मार्गदर्शन में निगम लगातार परिणामोन्मुखी तरीके से काम कर रहा है।
आने वाले समय में निगम का फोकस विद्युत उत्पादन बढ़ाने, उपलब्ध क्षमता का बेहतर इस्तेमाल, परिचालन दक्षता में सुधार, लागत नियंत्रण, राजस्व बढ़ाने और नई एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, मेहनत और टीम भावना के बल पर यूजेवीएनएल को आगे भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।
