बाबा रामदेव ने CM  धामी से की मुलाकात, योग-आयुर्वेद और उत्तराखंड के विकास पर हुई चर्चा

देहरादून: योगगुरु बाबा रामदेव ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश के विकास, योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान देवभूमि के साथ-साथ योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की भूमि के रूप में भी है। राज्य सरकार प्रदेश की इस विशिष्ट पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से उत्तराखंड में स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

वेलनेस और योग पर्यटन की अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में वेलनेस, योग और आयुर्वेद आधारित पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है, जिससे प्रदेश की प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक विशेषताओं को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सके।

वहीं, बाबा रामदेव ने उत्तराखंड में योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, हिमालयी वातावरण और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत इसे योग एवं आयुर्वेद के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए बेहद अनुकूल बनाती है।

मुख्यमंत्री और बाबा रामदेव की इस मुलाकात को उत्तराखंड में योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *