गौचर में मूसलाधार बारिश का कहर: दुवा-कांडा मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त, मकानों पर गिर रहा मलबा

गौचर। उत्तराखंड के गौचर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले तीन दिनों से रातभर हो रही तेज बारिश के कारण गौचर पालिका क्षेत्र से दुवा-कांडा जाने वाला मोटर मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क का मलबा नीचे स्थित आवासीय भवनों की ओर गिर रहा है, जिससे कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है।

पिछले साल भी हुई थी शिकायत

सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश बिष्ट के अनुसार, पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर सड़क धंसने के कारण भारी मात्रा में मलबा नीचे स्थित मकानों की दीवारों तक पहुंच गया था। उस समय प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई थी।

स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर नालियां बनाने की मांग की थी, ताकि बारिश का पानी सड़क के नीचे न जाए और सड़क की सुरक्षा बनी रहे। आरोप है कि शिकायत के बावजूद नालियों का निर्माण नहीं कराया गया।

एक साल में ही ढह गया पुश्ता

दिनेश बिष्ट का आरोप है कि नालियों का निर्माण कराने के बजाय सड़क के नीचे पुश्ता देकर काम पूरा कर दिया गया। अब महज एक वर्ष के भीतर ही यह पुश्ता ढह गया है। इसके बाद बारिश के दौरान सड़क का मलबा सीधे नीचे स्थित आवासीय भवनों की ओर पहुंच रहा है।

मकानों पर मंडरा रहा खतरा

मलबा गिरने से दौलत सिंह, गंगा देवी समेत कई भवन स्वामियों के मकानों पर खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश के बीच सड़क से मलबा गिरने के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने की स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही सड़क के दोनों ओर जल निकासी के लिए नालियां बनाने और मजबूत पुश्ते का निर्माण कराने की मांग की गई है।

लोगों का कहना है कि सड़क की सुरक्षा के लिए समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द स्थायी समाधान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *