रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर सजी राखियां, बहनों ने मांगी लंबी उम्र की दुआ

विकासनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का रिश्ता और मजबूत होता दिखाई दिया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा का वचन दिया।

पछवादून से लेकर जौनसार-बावर तक रक्षाबंधन पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया। सुबह से ही शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों को तिलक किया, उनकी कलाई पर राखी बांधी, आरती उतारी और मुंह मीठा कराया। इसके बाद भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट किए।

रक्षाबंधन के चलते घरों में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। छोटे बच्चों में भी राखी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं बाजारों में भी पर्व की रौनक देखने को मिली। मिठाई की दुकानों, फल विक्रेताओं और अन्य बाजारों में लोगों की भीड़ नजर आई।

रक्षाबंधन ने एक बार फिर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्रेम, विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत किया। पूरे पछवादून और जौनसार-बावर क्षेत्र में पर्व उल्लास और पारिवारिक सौहार्द के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *