उत्तरकाशी। सीमा की सुरक्षा में तैनात हिमवीरों के साथ जीआईसी मातली एवं एनसीसी के छात्रों ने रक्षाबंधन पर्व मनाया। छात्रों ने 12वीं वाहिनी आईटीबीपी मातली परिसर में जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाईचारे, अपनत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत किया।
इस दौरान छात्रों ने जवानों की दीर्घायु एवं सुरक्षित सेवा की कामना की। भारत माता के जयकारों से परिसर गूंज उठा और जवानों का उत्साह बढ़ाया गया। जवानों ने भी छात्रों के आत्मीय स्नेह के लिए आभार जताया।
इस अवसर ने सीमा के रक्षकों और समाज के बीच विश्वास, सम्मान और आत्मीयता के रिश्ते को और मजबूत किया। छात्रों ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में हिमवीरों का साहस और समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।
“रिश्ते विश्वास के, बंधन सम्मान के”—इसी भावना के साथ जवानों की कलाई पर बंधा रक्षा सूत्र राष्ट्रप्रेम और सम्मान का संदेश दे गया।
