टिहरी। रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है।
अभियान के तहत जाखधार, पडागली, गोज्याणा और घनसाली क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि जांच के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 14 नमूने संग्रहित किए गए हैं।
इनमें बेकरी के 2, तेल का 1, मिठाई के 5, अनाज उत्पाद के 2 तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 4 नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
दो प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभियान के दौरान दो खाद्य प्रतिष्ठानों को धारा-32 के अंतर्गत सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को नियमित रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करने और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पर्वों के दौरान बढ़ाई निगरानी
त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग द्वारा गुणवत्ता एवं सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और मानकयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी टिहरी शारदा शर्मा, जिला प्रशासन से विजय पेटवाल एवं विनोद रावत, आपूर्ति विभाग से अमित भंडारी, पुलिस प्रशासन से मनीष कंडारी एवं सहायक श्रीचंद कुमाई मौजूद रहे।
