गैरसैंण समेत चार क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग

 

देहरादून। सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से भेंट कर उन्हें शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा की।

सांसद बलूनी ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की अपनी मांग को पुनः केंद्रीय शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा और इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने रामनगर, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र और देवप्रयाग में भी केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।

सांसद बलूनी ने कहा कि गैरसैंण समेत इन क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना होने से स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने से उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *