थाना कैम्पटी में पुलिस कर्मियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित

 

टिहरी। पुलिस कर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना कैम्पटी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में थाना कैम्पटी में तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कैम्पटी द्वारा आयोजित शिविर में स्वास्थ्य टीम ने पुलिस कर्मियों का प्रारंभिक फुल बॉडी हेल्थ चेकअप किया। इस दौरान ब्लड सैंपल लेकर ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, लिवर फंक्शन टेस्ट, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।

पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी जरूरी

पुलिस कर्मियों की ड्यूटी की प्रकृति को देखते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिसकर्मी दिन-रात कानून-व्यवस्था, यातायात, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा जैसी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के साथ अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण आवश्यक है।

शिविर में डॉ. शंशाक शेखर, प्रियंका रावत, विनीता, टेक्नीशियन नितिन पंवार एवं सत्यपाल राणा सहित स्वास्थ्य टीम के सदस्यों ने पुलिस कर्मियों का परीक्षण किया।

थाना कैम्पटी पुलिस के अनुसार, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखना है, ताकि वे पूर्ण क्षमता और समर्पण के साथ जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *