नई टिहरी। त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों, विशेषकर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और मिलावटखोरी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पूर्ति विभाग, पुलिस विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने चंबा बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों, डेयरी एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
अभियान के दौरान टीम ने 10 खाद्य नमूने संग्रहित किए। इनमें मिठाई के 4, अनाज उत्पाद के 3, दही का 1 तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 2 नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है।

मानक विपरीत मिलने पर होगी कार्रवाई
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रयोगशाला जांच में नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, टिहरी की ओर से दो होटलों में कालातीत खाद्य सामग्री पाए जाने के मामले में न्याय निर्णयन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के न्यायालय में वाद दायर किया गया है।
संयुक्त निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा, आपूर्ति निरीक्षक रवि राणा तथा पुलिस विभाग से कांस्टेबल सतीश एवं सहायक श्रीचंद शामिल रहे।
