त्योहारी सीजन से पहले देहरादून में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मिठाई-डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

 

आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स और कालरा स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

 

देहरादून। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के कई प्रतिष्ठित मिठाई, डेयरी, कैंटीन और रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों पर छापेमारी एवं निरीक्षण किया।

 

उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें नियमानुसार जांच के लिए भेजा जा रहा है।

 

अभियान के तहत आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स और कालरा स्वीट्स सहित अन्य बड़े खाद्य एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने संकलित किए।

 

मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। छोटे-बड़े सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर समान रूप से निगरानी रखी जा रही है और मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन की लोगों से अपील

 

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहारी सीजन में मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता और प्रतिष्ठान की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता सामने आने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।

 

प्रशासन के मुताबिक खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *