गोपेश्वर। चमोली के हाट गांव के पास गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी भरने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार टनल में करीब 20 से 25 श्रमिक काम कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 13 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि करीब पांच से सात श्रमिकों के टनल के भीतर फंसे होने की सूचना है। फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए अभियान जारी है। कुछ रेस्क्यू किए गए श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
मौके पर पुलिस, सीआईएसएफ और डीआईआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। मलबे और पानी के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन बचाव अभियान लगातार जारी है।
