रुद्रप्रयाग में तिरंगे की गरिमा को लेकर डीएम के सख्त निर्देश, बिखरे ध्वज तत्काल सम्मानपूर्वक सुरक्षित करने को कहा

 

रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर जनपद में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ध्वजारोहण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यदि छोटे राष्ट्रीय ध्वज कहीं गिरे या बिखरे हुए मिलते हैं, तो उन्हें तत्काल एकत्र कर स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर सम्मानपूर्वक रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज का अव्यवस्थित अथवा असम्मानजनक स्थिति में पड़ा रहना उसकी गरिमा के प्रतिकूल है।

 

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों के सभी वार्डों तथा सरकारी कार्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएं। अभियान की अवधि समाप्त होने के अगले दिन सभी ध्वजों को विधिवत उतारकर सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा जाना सुनिश्चित किया जाए।

 

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गरिमा और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कोई भी राष्ट्रीय ध्वज अथवा छोटा तिरंगा इधर-उधर बिखरा अथवा असम्मानजनक स्थिति में नहीं मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *