प्रदेशवासियों से घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने का आह्वान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने शासकीय आवास, मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा लगाकर प्रदेशवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। यह अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम है। उत्तराखण्ड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश का प्रत्येक परिवार इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत बनाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं, राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करें तथा परिवार के बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि सभी प्रदेशवासी मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को और अधिक सुदृढ़ करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
