देहरादून। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को डोईवाला ब्लॉक परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 200 लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के तहत पेंशन भुगतान को सुचारु बनाने के लिए पोस्ट ऑफिस में नए खाते भी खोले गए।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार अब पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है। ऐसे में कई लाभार्थियों को खाते और भुगतान से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शिविर में इन समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक दस्तावेजों में सुधार किया गया और जिन लोगों के खाते नहीं थे, उनके पोस्ट ऑफिस में नए खाते खुलवाए गए, ताकि भविष्य में पेंशन समय पर उनके खातों में पहुंच सके।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा कि वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशन समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। उन्होंने कहा कि कई बुजुर्ग लंबे समय से पेंशन न मिलने के कारण परेशान थे। इस विशेष शिविर से उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ है और पोस्ट ऑफिस में खाते खुलने से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे।
डोईवाला के समाज कल्याण अधिकारी सुनील रावत ने बताया कि जिन लाभार्थियों के दस्तावेजों या बैंक खातों में कोई त्रुटि थी, उन्हें शिविर में ही दुरुस्त किया गया। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक बिना किसी परेशानी के हर महीने समय पर पेंशन पहुंचाना है। भविष्य में भी इस तरह के विशेष शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभार्थियों ने भाग लिया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
