रुद्रप्रयाग में खेल महाकुंभ 2026 की तैयारियां तेज, सितंबर में होंगे विभिन्न स्तरों पर आयोजन

रुद्रप्रयाग। जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ 2026 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सोमवार को जिला सभागार में राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में संबंधित विभागों एवं खेल महाकुंभ की विभिन्न समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में खेल महाकुंभ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रतियोगिताओं के सफल संचालन, विभागीय समन्वय, खेल मैदानों की उपलब्धता, खिलाड़ियों के पंजीकरण, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतियोगिताओं का आयोजन व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

बैठक में बताया गया कि 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित होगी। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि खेल महाकुंभ प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *