सेवा, सुशासन और समर्पण कार्यक्रम के तहत लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
देहरादून। उत्तराखंड सरकार के सेवा, सुशासन और समर्पण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र के भानियावाला में बहुद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, पेयजल, समाज कल्याण, कृषि समेत कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। लोगों ने आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन जमा किए।
कार्यक्रम में डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी और अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने पहुंचकर लोगों से संवाद किया।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके घर-द्वार तक मिले। उन्होंने बताया कि शिविर में बिजली, पानी, सफाई और पेंशन से संबंधित समस्याएं सामने आई हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लंबित मामलों का 15 दिन के भीतर समाधान किया जाए।
विधायक बृज भूषण गैरोला ने कहा कि सेवा और सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। शिविर में प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलती है और उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
ईओ एमएल शाह ने बताया कि शिविर में सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और भवन संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों के निस्तारण के लिए कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा नेता रविंद्र बेलवाल, सभासद रियासत अली, सुंदर लोधी, संदीप नेगी, हुमांशु राणा, नगर पालिका के सचिन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
