सागर रघुवंशी बने शिवसेना उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष, नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेस क्लब में आयोजित शिवसेना के संगठनात्मक कार्यक्रम में सागर रघुवंशी को शिवसेना (मुख्य संगठन) उत्तराखंड का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। यह घोषणा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना पक्ष प्रमुख एकनाथ शिंदे के निर्देश पर राष्ट्रीय समन्वयक राज सिंह चंदेल ने की।

 

राष्ट्रीय समन्वयक राज सिंह चंदेल ने कहा कि उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन का विस्तार किया जाएगा।

 

सागर रघुवंशी इससे पहले युवा सेना उत्तराखंड के प्रदेश प्रमुख और शिवसेना के सह कार्यवाहक प्रमुख की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन का दावा है कि उनके नेतृत्व में सदस्यता अभियान के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं को शिवसेना से जोड़ा गया।

कार्यक्रम में नई प्रदेश कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। इसमें मनोज सरीन को प्रदेश मुख्य उपाध्यक्ष, संजीव मैठाणी को प्रदेश प्रवक्ता, सुमित चौधरी और प्रकाश भट्ट को प्रदेश महासचिव, दीपक चौहान को प्रदेश महामंत्री तथा इंद्रेश गुप्ता को प्रदेश मुख्य सचिव सहित विभिन्न पदों पर कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। मंडल, जिला और महानगर स्तर पर भी नए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।

 

कार्यक्रम के दौरान संगठन ने दावा किया कि उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से आए पूर्व सैनिकों, अधिवक्ताओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े 1,000 से अधिक लोगों ने शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की।

 

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सागर रघुवंशी ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य उत्तराखंड के प्रत्येक बूथ, वार्ड, नगर और जिले तक संगठन को मजबूत करना तथा शिवसेना की विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *