नेताला भूस्खलन जोन पर बार-बार बाधित हुआ गंगोत्री हाईवे, बारिश के बीच बीआरओ ने संभाला मोर्चा

 

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेताला के समीप स्थित संवेदनशील भूस्खलन जोन में बुधवार को लगातार हो रही बारिश के कारण कई बार मलबा और पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम ने मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर मार्ग को बार-बार सुचारु कराया, लेकिन बारिश जारी रहने से दिनभर हाईवे खुलने और बंद होने का सिलसिला चलता रहा।

 

नेताला भूस्खलन जोन पिछले कई वर्षों से मानसून के दौरान बड़ी चुनौती बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं और बरसात के मौसम में बीआरओ की मशीनें चौबीसों घंटे तैनात रहती हैं। इसके बावजूद न तो भूस्खलन क्षेत्र का स्थायी उपचार हो पाया है और न ही सड़क के एलाइनमेंट में कोई बदलाव किया गया है, जिससे हर बारिश में मार्ग बाधित होने की समस्या बनी रहती है।

 

बुधवार को रुक-रुक कर हुई बारिश के दौरान कई बार पहाड़ी से मलबा आने के कारण हाईवे बंद हुआ। बीआरओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी और अन्य मशीनों से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया, हालांकि लगातार वर्षा के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही।

 

उत्तरकाशी पुलिस और जिला प्रशासन ने यात्रियों एवं स्थानीय लोगों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि मार्ग बाधित होने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर ही प्रतीक्षा करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की यात्रा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *