कुन्ना गांव में बारातघर निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने सतपाल महाराज को सौंपा ज्ञापन


देहरादून।  चकराता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देवभूमि लाखामंडल के कुन्ना गांव में बारातघर निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन सौंपा। पूर्व भाजपा मंडल उपाध्यक्ष क्वासी बचना शर्मा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में गांव में शीघ्र बारातघर निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि कुन्ना गांव में बारातघर नहीं होने के कारण शादी-विवाह समेत अन्य सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के मौसम में कार्यक्रम आयोजित करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को काफी असुविधा होती है।

ज्ञापन में कहा गया कि बारातघर के निर्माण से विवाह समारोहों के साथ-साथ अन्य सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन भी बेहतर ढंग से किया जा सकेगा। ग्रामीणों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए गांव में जल्द बारातघर निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की।

ज्ञापन पर बाबूराम शर्मा, उदय सिंह, घनश्याम शर्मा, ओम प्रकाश सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *