रूड़की न्यायालय में लीगल एड हेल्प डेस्क का शुभारंभ, बार कार्यालय का उद्घाटन और हरेला पर हुआ वृक्षारोपण

 

 

रूड़की। 

रूड़की तहसील न्यायालय परिसर में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के तत्वावधान में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार नरेन्द्र दत्त ने लीगल एड हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया, तहसील अधिवक्ता बार कार्यालय का उद्घाटन किया तथा हरेला पर्व के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

लीगल एड हेल्प डेस्क के माध्यम से अब न्यायालय आने वाले जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए अधिकार मित्रों (पीएलवी) की तैनाती भी की गई है, जो पात्र व्यक्तियों को कानूनी सलाह एवं सहायता प्राप्त करने में सहयोग करेंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश नरेन्द्र दत्त ने न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इसके बाद न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मचारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों एवं अन्य सहयोगियों ने रूड़की नहर किनारे सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया और हरित उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में न्यायाधीश एवं तहसील सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार अवंतिका चौधरी, न्यायाधीश भारत भूषण पांडे, न्यायिक अधिकारी, सिविल जज, न्यायिक मजिस्ट्रेट, अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र कविता पटवाल, किरण सिंह, आशीष कश्यप, शिवानी, ब्रजबाला, दीपक और बालेन्द्र कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ हरेला पर्व मनाने का आह्वान किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *