कांवड़ मेला तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, 25 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

 

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित प्रमुख स्थानों पर सड़क, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।

 

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी मरम्मत या निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर 25 जुलाई तक गुणवत्ता के साथ हर हाल में पूरा किया जाए।

 

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और दिशा-सूचक संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन और रिंग रोड परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होने देने के निर्देश दिए।

 

वहीं, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडीएम (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *