समाधान दिवस में 176 शिकायतें दर्ज, बुजुर्गों-महिलाओं के उत्पीड़न और भूमि विवादों पर प्रशासन सख्त

 

 

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए 176 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, घरेलू हिंसा, आर्थिक सहायता और फीस माफी से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई।

 

अपर जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष गंभीर प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध जांच और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में बुजुर्गों और महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े कई मामले सामने आए। जीवनगढ़ की 65 वर्षीय सावित्री देवी द्वारा बेटे-बहू पर मकान कब्जाने और मारपीट के आरोप पर एसडीएम विकासनगर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिक नसीम चंद की शिकायत पर नगर निगम और तहसीलदार को जांच सौंपी गई। वहीं, पूजा देवी, तुलसी देवी और फूलों देवी की घरेलू हिंसा एवं संपत्ति विवाद संबंधी शिकायतों पर पुलिस और प्रशासन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

 

भूमि संबंधी मामलों में केदारपुरम की अनीता गुप्ता की रजिस्ट्री में कथित धोखाधड़ी की शिकायत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को जांच के लिए भेजी गई। झाझरा और कान्हरवाला में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों पर पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए, जबकि प्रेमपुर माफी में भूमि का कब्जा न मिलने के मामले में भी जांच के आदेश जारी हुए।

जनहित के अन्य मामलों में बैंक द्वारा सीज किए गए आंगनबाड़ी केंद्र का सामान वापस दिलाने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को बैंक से समन्वय करने के निर्देश दिए गए। शीला शेर मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में तेजी लाने और वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा टोंस नदी पंपिंग योजना, सिंचाई परियोजनाओं और श्रावण मास के गणियात एवं दखड़ान मेलों की तैयारियों को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

 

समाधान दिवस में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, विभिन्न उप जिलाधिकारी तथा सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *