देहरादून। सहसपुर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसमस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान स्थानीय निवासी बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वह जूट बैग बनाकर आजीविका चलाना चाहती हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें सिलाई मशीन की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी के समन्वय से उसी शाम बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।
सिलाई मशीन मिलने से अब बबली गुप्ता को जूट बैग निर्माण के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने और अपनी आजीविका को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सिलाई मशीन प्राप्त करने के बाद बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित कार्रवाई से उनके स्वरोजगार की राह आसान हो गई है।
