घनसाली। घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने शनिवार को अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ खेतों में धान की रोपाई कर जैविक खेती और पारंपरिक कृषि को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं खेत में उतरकर रोपाई की।

विधायक शाह ने कहा कि उत्तराखंड की कृषि परंपरा हमारी संस्कृति और आत्मनिर्भरता की पहचान है। उन्होंने किसानों को प्रदेश की समृद्धि का आधार बताते हुए उनके परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा, जैविक खेती को प्रोत्साहन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने किसान भाई-बहनों को बेहतर फसल और समृद्धि की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक लोगों से जैविक खेती अपनाने और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने की अपील की।
