टनकपुर/बरेली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और अजय टम्टा ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई रेल सेवाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और उत्तर से दक्षिण भारत के बीच संपर्क मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि नई ट्रेन से धार्मिक पर्यटन, व्यापार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही महाराष्ट्र और मध्य भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा अधिक सुगम होगी।
इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा तथा पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
