घनसाली। उत्तराखंड सरकार के **’सेवा, सुशासन एवं समर्पण’** सेवा सप्ताह के तहत आयुष विभाग ने विकासखंड भिलंगना के तहसील मुख्यालय घनसाली में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर में लोगों को स्वास्थ्य परामर्श, जांच और आयुर्वेदिक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सकों ने बुखार, जुकाम, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अम्लपित्त, जोड़ों के दर्द और हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की। साथ ही बीपी और ब्लड शुगर की भी निःशुल्क जांच की गई। शिविर का लाभ 15 मरीजों ने उठाया।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित आहार, नियमित योग-व्यायाम और आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में डॉ. विजय कुमार सिंह, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. तरुण कुमार सहित आयुष विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
