देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर, जनजागरूकता कार्यक्रम और विकास प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, शिक्षा, राजस्व, पेयजल, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

प्रदेशभर में आयोजित शिविरों में 5,300 से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जबकि 4,470 से अधिक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। शिविरों के दौरान 415 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 179 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक सुशासन और जनसेवा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय, श्रम और धन की बचत हो रही है तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
