देहरादून। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने वर्ष 2025 के नेशनल मेडलिस्ट खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न जॉब देने के लिए आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि लेगेसी के तहत संचालित 23 अस्थायी खेल एकेडमियों को स्थायी रूप से संचालित करने के लिए पद सृजन संबंधी प्रस्ताव भी तैयार किया जाए। इसके अलावा करीब 243 नेशनल मेडलिस्ट खिलाड़ियों को एकेडमी, खेल विश्वविद्यालय और अन्य विभागों में आउट ऑफ टर्न जॉब के माध्यम से समायोजित करने की योजना पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अन्य विभागों में सेवा दे रहे खिलाड़ियों को मूल विभाग में डेप्यूटेशन के तहत तैनाती देने संबंधी प्रस्ताव भी तैयार किया जाए। मंत्री ने बताया कि 29 अगस्त 2026 राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गौलापार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास प्रस्तावित है, जिसके लिए सभी तैयारियां तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में नई खेल नीति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि नई नीति को भारत सरकार की खेल नीति के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक खेलों के साथ पैरा एथलीट और बौने एथलीट खिलाड़ियों के लिए भी विशेष प्रावधान किए जाएंगे। खेल नीति के लिए खिलाड़ियों और आमजन से सुझाव लिए जाएंगे तथा उत्कृष्ट सुझावों को नीति में शामिल कर संबंधित लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
