देहरादून। उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने मंगलवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) परियोजना के तहत देहरादून शहर में चल रहे विद्युत केबल अंडरग्राउंडिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में परियोजना से जुड़े अधिकारियों और अभियंताओं ने कार्यों की वर्तमान स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि परियोजना के तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर 33 केवी, 11 केवी और एलटी विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के साथ आरएमयू, कॉम्पैक्ट सब-स्टेशन और एलटी फीडर पैनलों की स्थापना का कार्य किया जा रहा है। परियोजना की कुल भौतिक प्रगति लगभग 72 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
अब तक 33 केवी की 67 किलोमीटर, 11 केवी की 193 किलोमीटर, एलटी की 716 किलोमीटर तथा 180 किलोमीटर सर्विस लाइन का भूमिगतिकरण पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 400 आरएमयू के लक्ष्य के सापेक्ष 318 आरएमयू, कॉम्पैक्ट सब-स्टेशन तथा 4,618 एलटी फीडर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।

परियोजना के अंतर्गत शामिल 53 सड़कों में से 28 सड़कों पर कार्य पूर्ण कर लगभग 60 किलोमीटर सड़क संबंधित विभागों को हस्तांतरित की जा चुकी है। शेष मार्गों पर अनुमति मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में भूमिगत केबल बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां आवश्यक परीक्षण एवं औपचारिकताएं पूरी कर विद्युत लाइनों को शीघ्र ऊर्जीकृत किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द लाभ मिल सके।
उन्होंने मानसून को देखते हुए कार्यस्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने, तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने तथा परियोजना की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि यूपीसीएल की प्राथमिकता देहरादून में उपभोक्ताओं को विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना, भूमिगत केबलिंग के माध्यम से सुरक्षित विद्युत वितरण व्यवस्था विकसित करना और शहर के आधारभूत ढांचे को आधुनिक बनाना है।
