जनता दरबार में में दर्ज हुई 59 शिकायतें, समय पर करें शिकायतों का निस्तारण

नई टिहरी। सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। इस अवसर पर कुल 59 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जो पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, वन विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान बरसात के सीजन को देखते हुए गंदा पानी आने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जनपद के जल निगम, जल संस्थान के सभी अभियन्ताओं को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं लोनिवि, पीएमजीएसवाई के अभियन्ताओं को निर्देश दिए कि यदि किसी स्थान पर सुरक्षा की दृष्टिगत दीवार व अन्य कार्याे को कराये जाने की आवश्यकता है तो तत्काल कार्य करें।

चम्बा निवासी सब्बल सिंह चौहान ने नगर पालिका की नाली का पानी दुकान में घुसने की शिकायत पिछले कई वर्षाे से की जा रही है, किन्तु अभी तक कोई कार्यवाही नही होने की शिकायत पर ईओ नगर पालिका चम्बा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। देवप्रयाग तहसील के रामपुर निवासी राजकिशोर ध्यानी ने  कोटली भेल परियोजना हेतु 2010 में अधिग्रहण की गयी भूमि का अभी तक मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पर एसएलएओ को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अरविन्द सजवाण क्षेत्र समिति सदस्य द्वारा हैण्डपम्प लगाने की मांग पर जल संस्थान को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बौराड़ी स्टेडियम में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट को अन्य स्थान पर बनाये जाने की मांग पर खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी को आज शाम ही सम्बन्धितों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *