आईटीबीपी के हिमवीरों एवं उनके परिवारों ने किए श्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन, 47 श्रद्धालुओं ने लिया आध्यात्मिक यात्रा का लाभ

 

गौचर (चमोली)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 8वीं वाहिनी, गौचर के तत्वावधान में कमांडेंट श्री मनोहर सिंह रावत के मार्गदर्शन में हिमवीरों एवं उनके परिवारों के लिए पावन श्री बद्रीनाथ धाम की आध्यात्मिक यात्रा का आयोजन किया गया।

 

इस यात्रा में कुल 47 श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिनमें 12 हिमवीर (बल कार्मिक) तथा 35 महिलाएँ एवं बच्चे शामिल थे। यात्रा का उद्देश्य हिमवीरों एवं उनके परिवारों को धार्मिक आस्था से जोड़ने, पारिवारिक सौहार्द को सुदृढ़ करने तथा मानसिक एवं आध्यात्मिक शांति को बढ़ावा देना था।

श्रद्धालुओं ने श्री बद्रीनाथ धाम में विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर भगवान बद्रीविशाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सभी ने देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा आईटीबीपी के जवानों की सुरक्षित एवं सफल सेवा के लिए प्रार्थना भी की।

 

कमांडेंट श्री मनोहर सिंह रावत ने कहा कि बल के कार्मिकों और उनके परिवारों का मनोबल बनाए रखना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ मानसिक और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ पारिवारिक एकता, आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को भी मजबूत बनाती हैं।

 

आईटीबीपी द्वारा समय-समय पर हिमवीरों एवं उनके परिवारों के कल्याण, मनोबल वृद्धि और पारिवारिक समन्वय को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऐसे कल्याणकारी एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *