पौड़ी:
उत्तराखंड सरकार द्वारा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ थीम पर आयोजित 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल-सशक्त संगठन की बैठक में भाग लिया तथा जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत मंत्री सतपाल महाराज ने पिनानी, घुड़दौंस्यूं, कोटा, पंचूर, मनकोट और पाटीसैंण शक्ति केंद्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं तथा क्षेत्रीय जनता से संवाद किया।

इस अवसर पर उन्होंने विकासखंड पाबौ क्षेत्र में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 148.36 लाख रुपये की लागत से पाबौ-पिनानी-दमदेवल मोटर मार्ग के 16, 17 और 18 किलोमीटर हिस्से के डामरीकरण, 123.30 लाख रुपये की लागत से पाबौ-दमदेवल मोटर मार्ग के 32 और 33 किलोमीटर हिस्से के सुधार एवं डामरीकरण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 15.83 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झगरबौं-सिवाल-पल्ली गांव मोटर मार्ग का शिलान्यास एवं भूमि पूजन शामिल रहा। इसके अलावा 10 लाख रुपये की लागत से ग्राम झंगरबौं में निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया गया।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिनानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार का उद्देश्य “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के संकल्प के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को एक विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
