रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा टला, मंदाकिनी में फंसे जेसीबी चालक समेत दो लोगों को एसडीआरएफ ने बचाया

रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार को मंदाकिनी नदी में बड़ा हादसा टल गया। गंगानगर क्षेत्र में नदी के बीच निर्माण कार्य में लगी एक जेसीबी अचानक जलस्तर बढ़ने से तेज बहाव में फंस गई। मशीन पर सवार चालक और उसका सहयोगी चारों ओर से उफनती नदी से घिर गए।

सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने एसडीआरएफ, जल पुलिस और नगर पंचायत अगस्त्यमुनि की टीमों को मौके पर भेजा। राहत एवं बचाव दल ने तेज बहाव के बीच अभियान चलाकर दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिंगोली-भटवाड़ी जल विद्युत परियोजना के कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे जेसीबी नदी के बीच फंस गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार बारिश को देखते हुए जिले की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और बरसाती जलधाराओं के पास जाने से बचने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *