उत्तराखंड में 4 से 18 जुलाई तक चलेगा 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’, जिला-तहसील स्तर पर लगेंगे बहुद्देशीय शिविर

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना के अनुरूप प्रदेशभर में 4 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत संचालित किया जाएगा।

सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों, ब्लॉकों और तहसीलों में विशेष बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़े के सभी कार्यक्रम समयबद्ध, प्रभावी और जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि अभियान के पहले चरण में जिन स्थानों पर बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, वहां दोबारा शिविर न लगाए जाएं। इससे नए क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *