बैंक के मुख्य द्वार पर कर्मचारी की गाड़ी खड़ी होने से ग्राहकों को परेशानी, डीजीएम से की शिकायत

देहरादून। चौक बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने प्रतिदिन एक बैंक कर्मचारी द्वारा वाहन खड़ा किए जाने से ग्राहकों को बैंक में आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बैंक के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) से शिकायत करते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बुधवार सुबह भी बैंक के मुख्य गेट के सामने कर्मचारी की जीप खड़ी मिली। इसके पीछे अन्य दोपहिया वाहन खड़े होने से प्रवेश मार्ग लगभग अवरुद्ध हो गया। इसी दौरान हुई तेज बारिश के कारण बैंक पहुंचे ग्राहकों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को बैंक के भीतर प्रवेश करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पंकज जैन, व्यापार मंडल के सहसचिव अंकित मोहल, व्यापारी ऋषभ जैन और उत्कर्ष मेहता ने बताया कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय से बैंक के मुख्य द्वार के सामने ही अपना वाहन खड़ा कर रहा है। उनका आरोप है कि कई बार वाहन हटाने का अनुरोध करने के बावजूद कर्मचारी का रवैया नहीं बदला। इससे पेंशन लेने आने वाले वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अन्य ग्राहकों को सबसे अधिक असुविधा होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन खड़े होने से बैंक परिसर में लगी पासबुक प्रिंटिंग मशीन तक पहुंचने का रास्ता भी बाधित हो जाता है, जिससे ग्राहकों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि चौक बाजार क्षेत्र में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक पार्किंग प्रतिबंधित है, इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *