टिहरी। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की टिहरी इकाई में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत आयोजित **‘मिशन शक्ति-2026’** कार्यक्रम का सफल समापन किया गया। 25 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।
टीएचडीसी के सीएमडी सिपन कुमार गर्ग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि बालिका सशक्तिकरण की दिशा में टीएचडीसी की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए मजबूत मंच प्रदान करते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी बालिकाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित एवं रचनात्मक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। समापन समारोह में प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जीएम एस.के. शाहू, एजीएम विपिन सकलानी, ए.पी. बाजपेयी, संजय पंवार, तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की उपाध्यक्षा सस्मिता शाहू, डीजीएम मोहन सिंह श्रीस्वाल, वरिष्ठ प्रबंधक सुशील उनियाल, नरेंद्र मखलोगा, प्रबंधक मनबीर सिंह नेगी, दीपक उनियाल, अदिति इन्दौरिया, के.एस. पंवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
